shabd-logo

कृष्णत्व बहुत कठिन

25 August 2024

4 Viewed 4
कृष्णत्व बहुत कठिन 

कल देश भर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव दही हांडी की परम्परा के साथ मनाया जाएगा... सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ...

देश भर में श्री कृष्ण के अनेक रूपों की उपासना की जाती है | इसका कारण है कि वास्तव में श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व इतना भव्य है कि न केवल भारतीय इतिहास के लिये, वरन विश्व के इतिहास के लिये भी अलौकिक एवम् आकर्षक है और सदा रहेगा | उन्होंने विश्व के मानव मात्र के कल्याण के लिये अपने जन्म से लेकर निर्वाण पर्यन्त अपनी सरस एवं मोहक लीलाओं तथा परम पावन उपदेशों से अन्तः एवं बाह्य दृष्टि द्वारा जो अमूल्य शिक्षण दिया था वह किसी वाणी अथवा लेखनी की वर्णनीय शक्ति एवं मन की कल्पना की सीमा में नहीं आ सकता | कृष्णत्व अर्थात कृष्ण बनना वास्तव में बहुत कठिन है | किन्तु सत्य तो यही है कि यदि कृष्ण के चरित्र का लेशमात्र भी हम ग्रहण कर लें तो ये कोलकाता और बदलापुर जैसी वीभत्स और दिल दहला देने वाली घटनाएं कभी घटें ही नहीं |

श्री कृष्ण षोडश कला सम्पन्न पूर्णावतार होने के कारण “कृष्णस्तु भगवान स्वयम्” हैं | उनका चरित्र ऐसा है कि हर कोई उनकी ओर खिंचा चला जाता है | उनकी समस्त लीलाओं को यदि आध्यात्मिक दृष्टि से न देखकर लौकिक दृष्टि से भी देखा जाए – क्योंकि भगवान श्री कृष्ण अलौकिक चरित्र के लौकिक मानव थे जिन्होंने मनुष्य रूप में रहते हुए नीति तथा व्यावहारिकता और सामाजिकता से सम्बद्ध अनेकों उदाहरण प्रस्तुत किये – तो हम कहेंगे कि सर्वप्रथम तो कारागृह में उनका जन्म हुआ – किन्तु पिता वसुदेव ने उन्हें सुरक्षित अन्यत्र पहुँचाने का संकल्प लिया तो कुछ भयंकर समस्याओं के साथ ही परिस्थितियाँ स्वयमेव उनके अनुकूल होती चली गईं – इसका तात्पर्य यही है कि व्यक्ति यदि संकल्प ले ले तो कोई भी बाधा उसे लक्ष्य प्राप्ति से नहीं रोक सकती – साथ ही यह भी कि सन्तान की रक्षा करने के लिए माता पिता स्वयं के जीवन की भी परवाह नहीं करते | साथ ही इन बाल्यकाल की घटनाओं से माता पिता को यह भी शिक्षा प्राप्त होती है कि शैशव काल से ही बच्चों के पालन पोषण में किस प्रकार की सावधानियों का पालन करना चाहिए | 

उदाहरण के लिए पूतना का प्रकरण प्रतीक है इस तथ्य का किसी अपरिचित पर विश्वास न करें | इस लीला से यह भी संकेत प्राप्त होता है कि दुग्धपान कराने वाली महिला के लिए साफ़ सफाई का ध्यान रखना आवश्यक है अन्यथा उसके अमृत रूपी दुग्ध को विष बनते देर नहीं लगेगी | इसी प्रकार तृणावर्त, अघासुर और बकासुर आदि की घटनाएँ – जो बताती हैं कि इतने छोटे शिशुओं को कभी अकेला नहीं छोड़ना चाहिए – वह भी खुले स्थान में – न जाने कब कहाँ से आँधी तूफ़ान आ जाए और बच्चे को उड़ा ले जाए, और न जाने कहाँ किस अनजान स्थल पर ले जाकर कहीं पटक दे | 

शकटासुर – आज जिस प्रकार से लाड़ लाड़ में माता पिता छोटे बच्चों को कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा देते हैं – अथवा किशोरों के हाथों में बाईक इत्यादि दे देते हैं – कभी भी ये बातें शकटासुर का रूप ले सकती हैं – इस ओर से माता पिता को सावधान रहने की आवश्यकता है | उस समय बैलगाड़ियां होती थीं तो माता पिता के लिए सन्देश था कि बच्चों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें - न जाने कब बैल बिदक जाएं |

यमलार्जुन के वध की लीला – जिससे संकेत मिलता है कि बच्चों को उनकी आयु के समान ही दण्ड दिया जाना चाहिए और वह भी इतना कठोर न हो कि उसको किसी प्रकार की चोट पहुँचा सके | और भी बहुत सी बाल लीलाएँ हैं जिनसे माता पिता को सन्तान के पालन पोषण के सन्दर्भ में बहुत प्रकार की शिक्षाएँ प्राप्त हो सकती हैं | उनके विषय में पढ़कर प्रतीत होता है कि मानों भगवान श्री कृष्ण ने संसार को कुछ शिक्षाएं देने के लिए ही वे लीलाएं रची होंगी |

कृष्ण की लीलाएँ इतनी अनोखी हैं कि एक ओर वे मनोचिकित्सक बनकर अर्जुन को गीताज्ञान देकर धर्मयुद्ध के लिए प्रेरित करते हुए उपदेशक की भूमिका में दिखाई देते हैं तो दूसरी ओर एक आदर्श राजनीतिज्ञ के रूप में भी दिखाई देते हैं जब पाण्डवों के दूत बनकर दुर्योधन की सभा में जाते हैं | गोपियों और सभी सखाओं के लिए उनके बंसी बजैया बालसखा, संगीतज्ञ और एक ऐसे प्रेमी हैं जो कभी माखन चुराकर मैया यशोदा से अपने कान खिंचवाता है – ऊखल से बंधता है, तो कभी ग्वाल बालों की गेंद यमुना में फेंक देता है और खेल खेल में कालिया नाग का मर्दन करके जनसाधारण को यह शिक्षा देता है कि स्वार्थपरता, निर्दयता आदि ऐसे दोष हैं जो जीवन रूपी यमुना के निर्मल जल को विषाक्त कर देते हैं | जब तक सात्विक बुद्धि से इन विकारों का मर्दन नहीं किया जाएगा तब तक जीवन सरिता की सरसता एवं शुद्धता असम्भव रहेगी | 

कभी गोपियों के वस्त्र हरण कर उन्हें शालीनता और सदाचार की शिक्षा देने वाला सद्गुरु बनता है तो कभी गोपियों संग रास रचाता है | कभी सुदामा का आदर्श मित्र बनकर उनके तंदुल खाकर बदले में राज पाट देकर मित्र के कर्त्तव्य का निर्वाह करता है | यह घटना सामन्तवादी मनोवृत्ति का भी पूर्ण रूप से विरोध करते हुए ऐसी प्रवृत्ति का उपहास करती है | साथ ही सुदामा जैसे लोग जो परिग्रह और अभाव में अन्तर भुला बैठते हैं उनके लिए एक सीख भी है कि दोनों में सन्तुलन स्थापित करने की आवश्यकता है | परिग्रह मत करो पर अभावग्रस्त भी मत रहो | व्यक्ति एक सामाजिक प्राणी है इसलिए उसके लिए व्यावहारिक होना अत्यन्त आवश्यक है |

श्री कृष्ण एक ऐसे क्रान्तिकारी भी हैं जो अन्याय के विरुद्ध सुदर्शन चक्र उठाने में भी नहीं चूकते | कृष्ण के रूप में एक ऐसा युगप्रवर्तक दिखाई देता है जो निरर्थक रीति रिवाज़ों के विरोध में खड़ा होकर इन्द्र की पूजा को रोककर इन्द्र को क्रुद्ध कर देता है लेकिन वहीं गवर्धन पर्वत के नीचे सबको इकट्ठा करके अपने आस पास की प्रकृति का, बुजुर्गों का, पशुधन का सम्मान करने की शिक्षा भी देता है | साथ ही यह भी बताता है कि व्यक्ति का परम धर्म जनसेवा है – एक राजा अथवा कबीले का मुखिया भी वास्तव में जनसेवक ही होता है | साथ ही जो भक्ति मार्ग की दिशा में भी संसार को समझाता है कि केवल दम्भ प्रदर्शन के लिये किया गया कर्मकाण्ड और वेदपाठ केवल आत्मप्रवंचना है तथा ममता और निरभिमानता ही जीवन का सार है |

कहने का अर्थ यह कि कृष्ण के चरित्र में एक आदर्श पुत्र, आदर्श सखा, आदर्श प्रेमी और पति, आदर्श मित्र, निष्पक्ष और निष्कपट व्यवहार करने वाले उत्कृष्ट राजनीतिक कुशलता वाले एक आदर्श राजनीतिज्ञ, आदर्श योद्धा, आदर्श क्रान्तिकारी, उच्च कोटि के संगीतज्ञ इत्यादि वे सभी गुण दीख पड़ते हैं जो उन्हें पूर्ण पुरुष बनाते हैं | वास्तव में श्री कृष्ण षोडश कलासम्पन्न युगप्रवर्तक पूर्णपुरुष थे |

संसार के जिस जिस सम्बन्ध और जिस जिस स्तर पर जो जो व्यवहार हुआ करते हैं उन सबकी दृष्टि से और देश, काल, पात्र, अवस्था, अधिकार आदि भेदों से व्यक्ति के जितने भिन्न भिन्न धर्म अथवा कर्तव्य हुआ करते हैं उन सबमें कृष्ण ने अपने विचार, व्यवहार और आचरण से एक सद्गुरु की भांति पथ प्रदर्शन किया है | कर्तव्य चाहे माता पिता के प्रति रहा हो, चाहे गुरु-ब्राह्मण के प्रति, चाहे बड़े भाई के प्रति अथवा गौ माता और अपने भक्तों के प्रति रहा हो, चाहे शत्रु से व्यवहार हो अथवा मित्र से, चाहे शिष्य और शरणागत हो – सर्वत्र ही धर्म का उच्चतम स्वरूप और कर्तव्यपालन का सार्वभौम आदर्श उनके आचरण में प्रकट होता है | आज जो गो माता की रक्षा के लिए आन्दोलन प्रकाश में आए हैं देखा जाए तो कृष्ण के समय में ही गोरक्षा की नींव डल गई थी |

श्री कृष्ण जन्म भी कोई साधारण घटना नहीं थी | श्रीकृष्ण ने नगर के कारागार में जन्म लिया और गाँव में खेलते हुए उनका बचपन व्यतीत हुआ | इस प्रकार श्रीकृष्ण का चरित्र गाँव व नगर की संस्कृति को जोड़ता है | कोई भी साधारण मानव श्रीकृष्ण की तरह समाज की प्रत्येक स्थिति को छूकर, सबका प्रिय होकर राष्ट्रोद्धारक बन सकता है | कंस के वीर राक्षसों को पल में मारने वाला अपने प्रिय ग्वालों से पिट जाता है | खेल में हार जाता है | यही है दिव्य प्रेम की स्थापना का उदाहरण |

श्रीकृष्ण को सहस्ररमणीप्रिय और रसिक आदि भी कहा जाता है | लेकिन ऐसा कहते समय हम यह भूल जाते हैं कि नरकासुर के विनाश के पश्चात् उसके द्वारा बन्दी बनाई गई सोलह हज़ार स्त्रियों को कृष्ण यदि स्वीकार न करते तो समाज तो उन्हें स्वीकार करता ही नहीं | उनके साथ विवाह के लिए कोई आगे नहीं आता | उन्हें कुलटा मान लिया जाता और उनका तिरस्कार करते हुए उन पर अत्याचार भी किये जाते | उनके सम्मान की रक्षा के लिए ही श्रीकृष्ण ने यह आदर्श स्थापित किया और पत्नी सत्यभामा की साक्षी में उन सोलह हज़ार नारियों को पत्नी रूप में स्वीकार किया – जिसकी स्मृति में दीपावली से एक दिन पूर्व नरक चतुर्दशी भी मनाया जाता है | मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इस विवाह के लिए सोलह हज़ार रूप एक साथ धारण किये थे – इसका भी मर्म यही है की भगवान की कृपा के समक्ष वे सभी षोडश सहस्र नारियाँ इतनी नत मस्तक हो गईं थीं कि कृष्ण भक्ति में स्वयं को ही भुला बैठीं और उन सबको भगवान अपने साथ ही खड़े दिखाई देने लगे | यही है भक्ति की पराकाष्ठा – जब भक्त को अपने साथ हर पल अपने आराध्य की उपस्थिति का आभास हो और वह उसी में लीन हो जाए |

रासलीला का भी यही मर्म है | भाव, ताल, नृत्य, छन्द, गीत, रूपक एवं लीलाभिनय से युक्त यह रास – जिसमें रस का उद्भव मन से होता है तथा जो पूर्ण रूप से अलौकिक और आध्यात्मिक है | समस्त ब्रह्माण्ड में जो विराट नृत्य चल रहा है प्रकृति और पुरूष (परमात्मा) का, श्रीकृष्ण का गोपियों के साथ नृत्य उस विराट नृत्य की ही तो एक झलक है | उस रास में किसी प्रकार की काम भावना नहीं है | कृष्ण पुरूष तत्व है और गोपिकाएँ प्रकृति तत्व | इस प्रकार कृष्ण और गोपियों का नृत्य प्रकृति और पुरूष का महानृत्य है | विराट प्रकृति और विराट पुरूष का महारास है यह | तभी तो प्रत्येक गोपी यही अनुभव करती है कि कृष्ण उसी के साथ नृत्यलीन हैं | रासलीला में कृष्ण तथा गोपियों का प्रेम अपने उस चरम उत्कर्ष बिंदु पर पहुँचता है जहाँ किसी भी प्रकार की शारीरिक अथवा मानसिक गोपनीयता अथवा रहस्य का आवरण नहीं रहता |

भगवान श्रीकृष्ण की यही लीलाएँ सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रप्रियता का प्रेरक मानदण्ड हैं | यही कारण है कि श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व अनूठा, अपूर्व और अनुपमेय है | श्रीकृष्ण अतीत के होते हुए भी वर्तमान की शिक्षा और भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं | उनका व्यक्तित्व इतना विराट है कि उसे पूर्ण रूप से समझ पाना वास्तव में कठिन कार्य है | वे अकेले ऐसे व्यक्ति हैं जो धर्म की परम गहराइयों व ऊँचाइयों पर जाकर भी न तो गम्भीर ही दिखाई देते हैं और न ही उदासीन दीख पड़ते हैं, अपितु पूर्ण रूप से जीवनी शक्ति से भरपूर व्यक्तित्व हैं | श्रीकृष्ण के चरित्र में नृत्य है, गीत है, प्रीति है, समर्पण है, हास्य है, रास है, और है आवश्यकता पड़ने पर युद्ध को भी स्वीकार कर लेने की मानसिकता | धर्म व सत्य की रक्षा के लिए महायुद्ध का उद्घोष है | एक हाथ में बाँसुरी और दूसरे हाथ में सुदर्शन चक्र लेकर महा-इतिहास रचने वाला कोई अन्य व्यक्तित्व नहीं हुआ संसार के इतिहास में | उनका व्यक्तित्त्व एक ऐसा व्यक्तित्व है जिसने जीवन के प्रत्येक पल को, प्रत्येक पदार्थ को, प्रत्येक घटना को समग्रता के साथ स्वीकार किया – कभी आधे अधूरे मन से कुछ नहीं किया | प्रेम किया तो पूर्ण रूप से स्वयं को उसमें डुबो दिया, फिर मित्रता भी की तो उसके प्रति भी पूर्ण निष्ठावान रहे | जब युद्ध स्वीकार किया तो उसमें भी पूर्ण स्वीकृति का भाव रहा |
इस प्रकार कृष्ण एक ऐसा विराट स्वरूप हैं कि किसी को उनका बालरूप पसन्द आता है तो कोई उन्हें आराध्य के रूप में देखता है तो कोई सखा के रूप में | किसी को उनका मोर मुकुट और पीताम्बरधारी, यमुना के तट पर कदम्ब वृक्ष के नीचे वंशी बजाता हुआ प्राणप्रिया राधा के साथ प्रेम रचाता प्रेमी का रूप भाता है तो कोई उनके महाभारत के पराक्रमी और रणनीति के ज्ञाता योद्धा के रूप की सराहना करता है और उन्हें युगपुरुष मानता है | वास्तव में श्रीकृष्ण पूर्ण पुरूष हैं | वास्तव में श्रीकृष्ण प्रेममय, दयामय, दृढ़व्रती, धर्मात्मा, नीतिज्ञ, समाजवादी दार्शनिक, विचारक, राजनीतिज्ञ, लोकहितैषी, न्यायवान, क्षमावान, निर्भय, निरहंकार, तपस्वी एवं निष्काम कर्मयोगी हैं, और लौकिक मानवी शक्ति से कार्य करते हुए भी अलौकिक चरित्र के महामानव हैं… युगप्रवर्तक पूर्ण पुरुष हैं…

इसीलिए तो कहा गया है “कृष्णस्तु भगवान स्वयम्”… अतः एक बार पुनः ऐसे समग्र पुरुष श्रीकृष्ण के जन्म महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ…
----- कात्यायनी

1

मेघों ने बांसुरी बजाई

22 July 2024
4
0
0

मेघों ने बाँसुरी बजाई, झूम उठी पुरवाई रे |बरखा जब गा उठी, प्रकृति भी दुलहिन बन शरमाई रे ||उमड़ा स्नेह गगन के मन में, बादल बन कर बरस गयाप्रेमाकुल धरती ने, नदियों की बाँहों से परस दिय

2

कविता

6 August 2024
0
0
0

कविता को समझने का हमारा एक छोटा सा प्रयास - कविता...कलाकार का रूप है कविताशब्दों का स्वरूप है कवितासतही स्तर अर्थ ही नहींअर्थों की जागृति है कविताभाषा का सौन्दर्य सहित, एक अद्भुत सा प्रयोग है कवि

3

समाना हृदयानि वः

15 August 2024
0
0
0

समाना हृदयानि वःस्वतन्त्रता – आज़ादी – व्यक्ति को जब उसके अपने ढंग से जीवंन जीने का अवसर प्राप्त होता है तो निश्चित रूप से उसका आत्मविश्वास बढ़ने के साथ ही उसमें कर्त्तव्यपरायणता की भावना भी बढ़ जाती है

4

आज़ादी का दिन फिर आया

16 August 2024
1
0
0

आज़ादी का दिन फिर आया |बड़े यत्न से करी साधना, कितने जन बलिदान हो गए |किन्तु हाय दुर्भाग्य, न जाने कहाँ सभी वरदान खो गए |आशाओं के सुमन न विकसे, पूरा हो अरमान न पाया ||१||महल सभी बन गए दुमहले, और दुमहल

5

श्री कृष्ण जन्माष्टमी

21 August 2024
0
0
0

भाद्रपद कृष्ण अष्टमी - जन साधारण को कर्म, ज्ञान, भक्ति, आत्मा आदि की व्याख्या समझाने वाले युग प्रवर्तक परम पुरुष भगवान् श्री कृष्ण का जन्म महोत्सव - इस वर्ष रविवार 25 अगस्त को अर्ध रात्र्योत्तर 3:39 (

6

निज हस्त खड्ग दुर्गा का ले

22 August 2024
0
0
0

कोलकाता जैसे रोंगटे खड़े कर देने वाले कुकृत्य और उस पर पीड़िता को मिलते न्याय में देरी - वास्तव में मन को पीड़ा पहुंचाती है... मनुष्य क्यों मनुष्यता को भूल गया ?... अब तो जैसा श्री पुष्यमित्र जी ने लि

7

रुक्मिणी हरण का आध्यात्मिक पक्ष

24 August 2024
0
0
0

रुक्मिणी हरण का आध्यात्मिक पक्षअभी 26 तारीख को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व है | श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव की बात आती है तो उनके जीवन की एक प्रमुख लीला – रुक्मिणी हरण की लीला – की चर्चा तो होगी ही

8

कृष्णत्व बहुत कठिन

25 August 2024
0
0
0

कृष्णत्व बहुत कठिन कल देश भर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव दही हांडी की परम्परा के साथ मनाया जाएगा... सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ...देश भर में श्री कृष्ण के अनेक रूपों की उपासना की जाती है | इ

9

कृष्ण कथा

26 August 2024
0
0
0

कृष्ण कथा थी रात घनी कारी अँधियारी, मेघ झूम कर बरस रहे थे ।जल थल और आकाश मिलाने हेतु ज़ोर से गरज रहे थे ||यमुना भी थी चढ़ी हुई काँधे तक, मेघों का गर्जन था ।हरेक भवन में व्याकुलता के&

10

ईश्वर का विराट अथवा विश्व स्वरूप

27 August 2024
0
0
0

ईश्वर का विराट अथवा विश्व स्वरूपपश्य मे पार्थ रूपाणि शतशोऽथ सहस्रशः ।नानाविधानि दिव्यानि नानावर्णाकृतीनि च ।।- 11/5अर्थात् हे पार्थ! अब तुम मेरे अनेक अलौकिक रूपों को देखो । मैं तुम्हें अनेक प्रकार की

11

हरतालिका तीज और वाराह जयंती

29 August 2024
0
0
0

हरतालिका तीज और वाराह जयन्तीभाद्रपद शुक्ल तृतीया यानी शुक्रवार 6 सितम्बर को हरतालिका तीज का व्रत और भगवान् विष्णु के दस अवतारों में से तृतीय अवतार वाराह अवतार की जयन्ती का पावन पर्व है | भाद्रपद मास क

12

मेरे प्रथम शिक्षक

4 September 2024
3
1
0

कल शिक्षक दिवस है | सभी अपने अपने शिक्षकों के लिए श्रद्धा सुमन समर्पित कर रहे हैं | हमारी भी विनम्र श्रद्धांजलि है उस व्यक्तित्व को जो माँ और पिताजी के बाद हमारे प्रथम शिक्षक बने | हमारी शिक्षा

13

शिक्षक दिवस

5 September 2024
0
0
0

सभी गुरुजनों को नमन के साथ शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँभारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ राधाकृष्णन के जन्म दिवस “शिक्षक दिवस” की सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ...हर व्यक्ति जीवन में सफल होना च

14

हरतालिका तीज

6 September 2024
0
0
0

भाद्रपद शुक्ल तृतीया यानी शुक्रवार 6 सितम्बर को हरतालिका तीज का व्रत और भगवान् विष्णु के दस अवतारों में से तृतीय अवतार वाराह अवतार की जयन्ती का पावन पर्व है | भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि

15

गणेश चतुर्थी

7 September 2024
0
0
0

आज भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी तिथि है – विघ्न विनाशक गणपति की उपासना का पर्व | सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएँ..लगभग समूचे देश में विघ्नहर्ता सुखकर्ता भगवान् गणेश की उपासना का पर्व गणेश चतुर्थी अ

16

हिंदी दिवस

11 September 2024
0
0
0

हममें से अधिकाँश लोगों को सम्भवतः ज्ञात होगा कि 1918 में इंदौर में आयोजित हिंदी साहित्य सम्मलेन में महात्मा गाँधी ने हिंदी को आम जनमानस की भाषा बताते हुए इसे राष्ट्रभाषा घोषित किये जाने की बात कही थी

17

श्राद्ध पक्ष में पाँच ग्रास निकालने का महत्त्व

12 September 2024
0
0
0

श्रद्धया इदं श्राद्धम्‌ – जो श्रद्धापूर्वक किया जाए वह श्राद्ध है | मंगलवार 17 सितम्बर से सोलह दिनों के लिए दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा का पर्व श्राद्ध पक्ष आरम्भ होने जा रहा है | वैदिक मान्यता क

18

अनन्त चतुर्दशी

13 September 2024
0
0
0

अनन्त चतुर्दशीअनंन्तसागरमहासमुद्रेमग्नान्समभ्युद्धरवासुदेव |अनंतरूपेविनियोजितात्माह्यनन्तरूपायनमोनमस्ते ||भाद्रपद मास के शुक्लपक्ष की चतुर्दशी को अनन्त अर्थात जिसका कभी अन्त न हो - चतुर्दशी कहा जाता ह

---